• पुत्र ने यूएसए से पीएम ओर सीएम को भेजा ई मेल, पिता की सुरक्षा की मांग

यमुनानगर/करनाल: हरियाणा के वन विभाग में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है। आसरेवाली जंगल में बड़े पैमाने पर हुए अवैध कटान का पर्दाफाश करने वाले मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन (M&E) के एक वन दरोगा विजय कुमार को ही विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। इसे लेकर अब चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं निलंबित दरोगा के पुत्र ने यूएसए से पीएम व सीएम के अलावा अन्य उच्चअधिकारियों को ईमेल भेजकर अपने पिता की सुरक्षा की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में आसरेवाली के जंगलों में पेड़ों के अवैध कटान की खबरें सुर्खियों में थीं। M&E विंग के वन दरोगा ने ही इस मामले को उजागर किया था। उम्मीद थी कि इस खुलासे के बाद लकड़ी माफिया और संलिप्त कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी, लेकिन पासा उल्टा पड़ गया। विभाग ने उन पर ‘सरकारी कर्मचारी आचरण नियम 2016’ के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए निलंबन पत्र थमा दिया।

हिसार मुख्यालय में तैनाती

निलंबन आदेश के साथ ही अधिकारी को हिसार मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। सरकारी आदेशों के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान उनकी तैनाती हिसार रहेगी। प्रशासनिक कार्रवाई के पीछे तकनीकी कारणों और नियमों का हवाला दिया जा रहा है।

इस कार्रवाई ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:

  1. जब अधिकारी ने कटान को बेनकाब किया, तो विभाग ने खैर माफिया पर कार्रवाई करने की बजाय कर्मचारी पर ही कार्रवाई क्यों की?

  2. आचरण नियम का हवाला: क्या नियमों की आड़ लेकर सच्चाई को दबाने का प्रयास हो रहा है? होना तो चाहिए था कि इस तरह के मामले उठने के बाद उनकी जांच की जाती व भविष्य में अवैध कटान पर किस तरह रोक लगे इस पर रोड मैप तैयार किया जाता।

निलंबित दरोगा के पुत्र ने यूएसए से पीएम, सीएम को मेल भेज पिता की सुरक्षा की मांग की

वहीं सस्पेंड दरोगा के पुत्र ने यूएसए से  प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री,  मुख्य सचिव हरियाणा, वन मंत्री, हरियाणा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) वन हरियाणा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF-HoFF), पंचकूला को मेल भेज कर अपने पिता की सुरक्षा की मांग की है। अपनी मेल में उन्होंने बताया कि उनके पिता ने हाल ही में हरियाणा के वन विभाग के भीतर कई तरह की अनियमितताओं का खुलासा किया है। जिससे उनके लिए खतरा पैदा हो गया है। इसलिए उनकी सुरक्षा की जाए।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!