पंचकूला। हरियाणा में दवाओं की गुणवत्ता और सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्यभर में मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान सभी जिलों में एक साथ तड़के सुबह शुरू किया गया, जिसमें लाइसेंस प्राप्त मेडिकल दुकानों में रखे रेफ्रिजरेटरों की कार्यप्रणाली और कोल्ड चेन से जुड़ी दवाओं के रखरखाव पर विशेष जोर दिया गया।
स्टेट ड्रग कंट्रोलर ललित गोयल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ड्रग कंट्रोल विभाग की टीमों ने मुख्य रूप से रेफ्रिजरेशन उपकरणों की सही कार्यक्षमता,निर्धारित तापमान का पालन ,कोल्ड चेन में रखी जाने वाली दवाओं की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई।राज्यभर में कुल 339 लाइसेंस प्राप्त मेडिकल दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में सभी दुकानों में रेफ्रिजरेटर कार्यशील अवस्था में पाए गए, जो एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
हालांकि, निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा कुछ दुकानदारों को सुधार और बेहतर अनुपालन के लिए आवश्यक सुझाव और सलाह भी दी गई, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचा जा सके।
ड्रग कंट्रोल विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुछ श्रेणियों की दवाओं के लिए कोल्ड चेन का पालन अनिवार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी नियामकीय कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी दोहराया कि ऐसे औचक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नियमों का निरंतर पालन सुनिश्चित किया जा सके और आम जनता को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!