- टीम ने ट्राली को लिया कब्जे में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
यमुनानगर। स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो की टीम की गाड़ी को खनिज तस्करों ने ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। जब ट्राली को कब्जे में लेने का प्रयास किया जा रहा था तो अचानक तस्करों ने कई लोगों व महिलाओं के साथ टीम पर हमला करने का प्रयास किया व गाली-गलौज कर सरकारी काम में बाधा डाली। पुलिस ने टीम की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 22–23 जनवरी 2026 की रात को थाना प्रतापनगर क्षेत्र के अंतर्गत गांव भीलपुरा-76 में अवैध खनन सामग्री (ग्रेवल लोड) से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने के प्रयास के दौरान टीम पर हमला किया गया।
FIR के मुताबिक टीम रात लगभग 01:00 बजे गश्त के दौरान गांव भीलपुरा-76 के पास पहुंची, जहां एक महिंद्रा अर्जुन ट्रैक्टर- ट्रॉली में अवैध खनन सामग्री भरकर ले जाई जा रही थी। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर ट्रैक्टर चालक ने वाहन तेज कर भागने का प्रयास किया।
तब चालक ने जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर को सरकारी वाहन की ओर मोड़ दिया, जिससे सरकारी गाड़ी को नुकसान पहुंचा। हालांकि पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। मौके पर ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद टीम ने डायल 112 के अलावा गांव के सरपंच को मौके पर बुलाया। इसके बाद जैसे ही ट्राली को मौके से ले जाने का प्रयास हुआ तब टीम पर हमले का प्रयास किया गया।
FIR में यह भी उल्लेख है कि बाद में ट्रैक्टर चालक के परिजन व कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस कार्य में बाधा डालते हुए सरकारी कार्य में रुकावट, गाली-गलौज व हमले का आरोप लगाया गया है।
कानूनी कार्रवाई
थाना प्रतापनगर में भीलपुरा-76 निवासी मुंतजिर व अनवर खिलाफ BNS की धाराएं 109(1), 121(1), 132 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




