
यमुनानगर: ताजेवाला यमुना नदी क्षेत्र से अवैध खनन कर पत्थर निकालने के खेल पर रविवार सुबह हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। पिछले कई दिनों से दादुपुर हैड के रास्ते बिना रॉयल्टी के बोल्डर (पत्थर) ढो रही ट्रैक्टर-ट्रालियों के काफिले में से ब्यूरो की टीम ने तीन वाहनों को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान माफिया ने टीम के सरकारी वाहन के आगे पत्थर सड़क पर डाल कर भागने की कोशिश की, जिसे मुस्तैद टीम ने नाकाम कर दिया।
ब्यूरो को सूचना मिली थी कि हैड एरिया से अवैध पत्थरों से लदी ट्रालियों का काफिला निकलता है। रविवार सुबह जब ब्यूरो की टीम ने इन वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने बोल्डर से भरी ट्रालियों को ब्यूरो के सरकारी वाहन के ठीक आगे ही पलट दिया ताकि रास्ता अवरुद्ध हो जाए और वे भाग सकें। हालांकि, टीम ने पीछा कर तीन ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ लिया और उन्हें सीज कर दिया।
सिंचाई विभाग की सुरक्षा और कैमरों पर उठे सवाल
इस पूरी घटना ने सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। दादुपुर हैड का पूरा नियंत्रण सिंचाई विभाग के पास है, जहाँ सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों के अलावा बकायदा चेकिंग पॉइंट भी बने हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि पिछले कई दिनों से हैड की नाक के नीचे से माफिया का काफिला गुजर रहा था। सूत्रों के अनुसार, ताजेवाला क्षेत्र से अवैध रूप से निकाला जा रहा यह पत्थर सिंचाई विभाग के ही चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में इस्तेमाल के लिए ले जाया जा रहा था।
हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो के इंस्पेक्टर राजेश सैनी ने बताया कि उन्हें लगातार दादुपुर हैड के रास्ते अवैध खनिज परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कहा, “हमने तीन ट्रैक्टर-ट्रालियों को मौके पर पकड़कर सीज कर दिया है। अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




