पंचकूला। हरियाणा अंबाला रिटेल केमिस्ट्स एसोसिएशन एवं जिला अंबाला रिटेल केमिस्ट्स एसोसिएशन के मार्गदर्शन में अंबाला रिटेल केमिस्ट्स एसोसिएशन द्वारा ब्राह्मण सभा हॉल में दूसरा शैक्षणिक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में दवा विक्रेताओं ने भाग लिया।सेमिनार के मुख्य अतिथि राज्य औषधि नियंत्रक, हरियाणा ललित गोयल रहे, जबकि सहायक राज्य औषधि नियंत्रक परजिंदर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे
कार्यक्रम के दौरान ललित गोयल ने प्रतिभागियों को चार-चार सदस्यों की चार टीमों में विभाजित कर फार्मेसी रिटेलिंग से जुड़े विषयों पर ‘केबीसी’ शैली की प्रश्नोत्तरी कराई। स्क्रीन पर बहुविकल्पीय प्रश्न प्रदर्शित किए गए और सही उत्तर देने वाली टीमों को अंक प्रदान किए गए। प्रतिस्पर्धा में विजेता टीम ने 8 अंक हासिल किए, जबकि उपविजेता टीम 7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही।
प्रश्नोत्तरी में बिना चिकित्सकीय पर्ची के बेची जाने वाली दवाएं, निर्माण लाइसेंस व बिक्री लाइसेंस से संबंधित नियम, केमिस्ट व्यापार में निरीक्षण के लिए अधिकृत विभाग तथा पशु चिकित्सा में प्रतिबंधित दवाओं जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। कुछ जटिल प्रश्नों के उत्तर जब टीमें नहीं दे सकीं, तो हॉल में मौजूद अन्य रिटेलर्स ने सही जवाब देकर अपनी जानकारी का परिचय दिया।
समापन अवसर पर सहायक राज्य औषधि नियंत्रक परजिंदर सिंह ने विजेता टीम को सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में रिटेलर्स ने राज्य औषधि नियंत्रक से आग्रह किया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार मार्गदर्शन और ज्ञानवर्धन कार्यक्रम जारी रखें।




