राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला की ट्रैप कार्रवाई में 30,000 रुपये की नकद रिश्वत बरामद
चंडीगढ़। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला ने कैथल निवासी शिकायतकर्ता की शिकायत पर 20 फरवरी को पब्लिक हेल्थ विभाग, डिवीजन नं. 01, कैथल के तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
ब्यूरो की टीम ने आरोपी, डिप्टी सुपरिटेंडेंट को 20,000 रुपये तथा कंप्यूटर ऑपरेटर को 10,000 रुपये, कुल 30,000 रुपये (तीस हजार रुपये) नकद रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों काबू किया। इसके अतिरिक्त सह-आरोपी, कंप्यूटर ऑपरेटर को भी इस मामले में संलिप्तता के चलते पब्लिक हेल्थ डिवीजन कार्यालय, कैथल से गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसने और उसके भाई ने वर्ष 2025-26 में पब्लिक हेल्थ विभाग, कैथल डिवीजन नं. 01 में निर्माण एवं अन्य विकास कार्य किए थे, जिनके लगभग 30 लाख रुपये के बिल स्वीकृति के लिए लंबित थे। इन बिलों को सैंक्शन करने की एवज में आरोपियों द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी।
इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध अभियोग संख्या 1 दिनांक 20.02.2026 को धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 तथा धारा 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।



