अंबाला। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला ने वीरवार को वन्यजीव विभाग, अम्बाला में तैनात निरीक्षक तथा एनीमल अटेंडेंट (HKRNL के माध्यम से कार्यरत) को तीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कार्यालय वन्यजीव विभाग, अम्बाला से ट्रैप कार्रवाई के दौरान काबू किया गया।
इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध अभियोग संख्या 03 दिनांक 26.02.2026 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 तथा धारा 61(2) व 308(2) बी.एन.एस. के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला में मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि उक्त अधिकारियों ने उसके घर से 25 किलो मांस पकड़े जाने के मामले में वन्यजीव (संरक्षण) नियमावली के अंतर्गत चालान न करने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। बाद में सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ, जिसमें से 10 हजार रुपये दिनांक 23.02.2026 को ले लिए गए थे, जबकि शेष तीस हजार रुपये दिनांक 26.02.2026 को मांगे जा रहे थे।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के उपरांत ब्यूरो द्वारा योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया गया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई तथा आरोपियों को तीस हजार रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने दोहराया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




