फरीदाबाद। भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) की उपकेंद्र पलवल टीम ने थाना तिगांव, फरीदाबाद में तैनात एएसआई को ₹20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करने की धमकी देकर रिश्वत मांगने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान एएसआई अनुसंधान अधिकारी, थाना तिगांव के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 21 दिनांक 19.09.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं 351 बीएनएस के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।
दुष्कर्म का केस दर्ज करने की धमकी देकर मांगी रिश्वत
शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके मुवक्किल रोहित तथा एक युवती से जुड़े विवाद में आरोपी एएसआई द्वारा कार्रवाई नहीं करने और दुष्कर्म का मामला दर्ज न करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को युवती पक्ष के लोग रोहित को ढूंढते हुए तिगांव पहुंचे थे, जहां रोहित के रिश्तेदार पवन के घर पर विवाद हुआ। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और मामला थाना तिगांव पहुंचा। इसके बाद रोहित अपने अधिवक्ता के माध्यम से कानूनी सहायता के लिए थाने गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि मामले में कार्रवाई के दौरान एएसआई ने पहले ₹2 लाख रिश्वत की मांग की। बाद में ₹5 हजार देने के बाद मामला कुछ समय के लिए टल गया, लेकिन आरोपी द्वारा फोन कर शिकायतकर्ता पक्ष पर दबाव बनाया गया। आरोप है कि बाद में ₹1 लाख में मामला निपटाने की बात तय हुई और रिश्वत की राशि एक सप्ताह के भीतर दो-तीन किस्तों में देने के लिए कहा गया। इसी क्रम में आरोपी ने शिकायतकर्ता को ₹20 हजार लेकर थाने बुलाया।
ट्रैप लगाकर दबोचा
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसवी एंड एसीबी उपकेंद्र पलवल की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान एएसआई को शिकायतकर्ता से ₹20 हजार की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। एसवी एंड एसीबी द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी से पूछताछ एवं मामले की विस्तृत जांच जारी है।



