यमुनानगर। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) का फर्जी एजीएम (AGM) बनकर प्लाईवुड एसोसिएशन के प्रधान से 16.55 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के चंद्रपुर निवासी श्याम मैत्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
B2B पोर्टल के जरिए बिछाया जाल
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कमला नगर निवासी पीड़ित जुगल किशोर बिहानी की कामी माजरा में ‘गैलेक्सी प्लाईवुड इंडस्ट्रीज’ के नाम से फैक्ट्री है। दिसंबर 2025 में उन्होंने इंडियामार्ट और एक्सपोर्टर्स इंडिया जैसे B2B पोर्टल पर एमएस बिलेट्स (MS Billets) खरीदने के लिए ऑनलाइन इंक्वायरी डाली थी।
इसके बाद आरोपी श्याम मैत्रा ने पीड़ित से संपर्क किया और खुद को पश्चिम बंगाल स्थित SAIL प्लांट का एजीएम बताया। विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने सेल (SAIL) का फर्जी लेटरहेड, पार्टी कोड रजिस्ट्रेशन फॉर्म, इनवॉइस और फर्जी बैंक अकाउंट डिटेल्स शेयर की।
बैंक में जाकर खुला राज
झांसे में आकर जुगल किशोर ने अलग-अलग किश्तों में कुल 16.55 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। माल न मिलने पर जब पीड़ित को शक हुआ, तो उन्होंने IDBI बैंक की यमुनानगर शाखा में जांच की। वहां पता चला कि दिए गए खाते का SAIL से कोई संबंध नहीं है और संदिग्ध ट्रांजेक्शन के चलते वह अकाउंट पहले ही फ्रीज किया जा चुका है।
पश्चिम बंगाल से हुई गिरफ्तारी
पीड़ित की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने 30 जनवरी 2026 को मामला दर्ज किया था। थाना प्रभारी कमलजीत सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए आरोपी श्याम मैत्रा को पश्चिम बंगाल के बीरभूम से गिरफ्तार किया। वहां की स्थानीय अदालत से राहदारी रिमांड (Transit Remand) लेने के बाद पुलिस उसे यमुनानगर लाई, जहां मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!