यमुनानगर। वन्यजीवों के अवैध व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन्यजीव विभाग की टीम ने यमुनानगर स्थित Ganpati Fish Aquarium and Pet World पर कुछ दिन पहले रेड की थी। कार्रवाई के दौरान संरक्षित वन्यजीवों को अवैध रूप से रखने एवं व्यापार करने के मामले में आरोपी वरुण कुमार को गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दिनांक 19 अगस्त 2026 को People for Animal (PFA) संस्था के वॉलंटियर से प्राप्त सूचना के आधार पर वन्यजीव विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की जांच की, जहां से 02 भारतीय स्टार कछुए (Indian Star Tortoise – Geochelone elegans) तथा 02 रोज-रिंग्ड पैराकीट/तोते (Rose-ringed Parakeet – Psittacula krameri) जीवित अवस्था में बरामद किए गए।

रेड एवं कार्रवाई करने वाली टीम में वन्यजीव निरीक्षक लीलू राम के साथ राजबीर वन्य जीव निरीक्षक,हरीश कुमार, वन दरोगा; सुमित कुमार, वन्यजीव रक्षक तथा संजीव कुमार, वन्यजीव रक्षक शामिल रहे। टीम द्वारा बरामद वन्यजीवों को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेशानुसार दिनांक 21 अगस्त 2026 को बरामद वन्यजीवों को रोहतक जू (चिड़ियाघर) में सुपुर्द किया गया तथा प्राप्ति रसीद भी प्राप्त की गई।

बरामद Indian Star Tortoise वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I तथा Rose-ringed Parakeet अनुसूची-II में सूचीबद्ध हैं। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं 2(16), 9, 39, 42, 44, 50, 51, 55 एवं 57 के तहत कार्रवाई की गई।दिनांक 25 अगस्त 2026 को आरोपी वरुण कुमार को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल भेज दिया गया है।

वन्यजीव निरीक्षक लीलू राम व राजबीर ने कहा कि वन्यजीवों का अवैध व्यापार, खरीद-फरोख्त एवं संरक्षित वन्यजीवों को अवैध रूप से अपने कब्जे में रखना गंभीर अपराध है। वन्यजीव विभाग वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। वन्यजीव अपराधों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वन्यजीवों की खरीद-फरोख्त न करें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन्यजीव विभाग को दें।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!