पिंजौर (पंचकूला)। पिंजौर क्षेत्र स्थित बीड शिकारगाह वन्य प्राणी विहार में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। वन्य प्राणी विभाग की शिकायत पर पिंजौर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 32 व 33 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वन्य जीव रक्षक जयपाल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार 9 जुलाई की रात वन्य प्राणी विहार की फायर लाइन नंबर-10 में एक सफेद रंग की ब्रेजा कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। रात में गश्त कर रहे कर्मचारियों ने वाहन के बारे में पूछताछ करनी चाही तो चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। कर्मचारियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।

अगली सुबह वन्य प्राणी विभाग की टीम ने क्षेत्र की जांच की तो तीन खैर के पेड़ कटे हुए मिले। पेड़ों के तने और कटे हुए हिस्से मौके पर ही पड़े थे। इसके बाद वन विभाग ने पुलिस को शिकायत देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

एफआईआर के अनुसार काटी गई खैर की लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 2.40 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!