यमुनानगर। हरियाणा वन विकास निगम के अध्यक्ष रवि सैनी ने यमुनानगर स्थित निगम की फर्नीचर इकाई का दौरा कर वहां चल रही विभिन्न गतिविधियों और उत्पादन प्रक्रियाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इकाई में निर्मित हो रहे कार्यालय, स्कूल और घरेलू फर्नीचर की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया।

आधुनिक तकनीक और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने विशेष रूप से ‘कम्प्यूटरीकृत फर्नीचर डिजाइन मशीन’ की कार्यप्रणाली को देखा। उन्होंने मशीन द्वारा उच्च सटीकता और बेहतरीन फिनिशिंग के साथ तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि निगम की प्रगति के लिए ऐसी आधुनिक तकनीक बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्पादों के गुणवत्ता मानकों से कोई समझौता न किया जाए, क्योंकि उत्कृष्ट उत्पाद ही उपभोक्ताओं का भरोसा जीत सकते हैं।

शहर में खुलेगा नया शो-रूम

आम जनता तक निगम के उत्पादों की पहुंच आसान बनाने के लिए अध्यक्ष रवि सैनी ने एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि शहर के किसी प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में निगम का एक विशेष फर्नीचर शो-रूम स्थापित किया जाए, ताकि आम लोग सीधे निगम से उच्च गुणवत्ता वाला और आकर्षक फर्नीचर खरीद सकें।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर अंबाला के मुख्य महाप्रबंधक रविन्द्र धनखड़, यमुनानगर के महाप्रबंधक दीपक अलवादी और प्रबंधक अनिल कुमार भी उपस्थित रहे। मुख्य महाप्रबंधक ने  निगम द्वारा चलाई जा रही विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों व आगामी परियोजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!