स्टडी वीजा पर भारत आया नाइजीरियाई नागरिक निकला हेरोइन सप्लाई चेन का मुख्य मोहरा
न्यायालय से 03 दिन का रिमांड हासिल; बड़े ड्रग नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद
अंबाला। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मैदान 2.0’ के तहत अंबाला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है और दिल्ली से एक विदेशी (नाइजीरियाई) नशा तस्कर को काबू करने में कामयाबी हासिल की है।
मामले का विवरण और गिरफ्तारी,
विगत दिनों (परसों) ANC टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार सुरिंदर (निवासी कुरुक्षेत्र) और उसकी एक महिला साथी को 55 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। ये आरोपी दिल्ली से बाइक पर नशा लेकर अंबाला ला रहे थे। इस संबंध में थाना पड़ाव में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ में हुआ विदेशी कनेक्शन का खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों से रिमांड के दौरान जब गहनता से पूछताछ की गई, तो उन्होंने दिल्ली में सक्रिय एक विदेशी नाइजीरियाई नशा तस्कर के बारे में अहम सुराग दिए। सूचना के बाद आरोपी विदेशी नागरिक को दिल्ली से सफलतापूर्वक दबोच लिया।
स्टडी वीजा की आड़ में नशा तस्करी,
पकड़े गए आरोपी की पहचान मबाचा इकेचुकु डेविड (Mbacha ikechukwu David) निवासी आईएमओ स्टेट, नाइजीरिया (IMO State Nigeria) के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ‘स्टडी वीजा’ (Study Visa) पर भारत आया हुआ था, लेकिन पढ़ाई की आड़ में वह हेरोइन तस्करी के अवैध धंधे में संलिप्त हो गया।
3 दिन का पुलिस रिमांड; होंगे कई बड़े खुलासे,
अंबाला पुलिस ने आरोपी नाइजीरियाई तस्कर को माननीय न्यायालय में पेश कर 03 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस कई बिंदुओं पर गहनता से जांच करेगी। जिसमें इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया नेटवर्क से जुड़े मुख्य सरगनाओं (ड्रग लॉर्ड्स) तक पहुंचना,आरोपी के वीजा, पासपोर्ट और अन्य यात्रा दस्तावेजों की जांच करना और उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाना। स्थानीय स्तर पर अंबाला, कुरुक्षेत्र और आसपास के जिलों में उसके मददगारों, एजेंटों और खरीदारों की पहचान करना भी शामिल है।



