पांसरा सरकारी स्कूल अपग्रेड होने पर मेयर का किया सम्मान, जताया आभार
यमुनानगर। गांव पांसरा स्थित सरकारी स्कूल के 10वीं से 12वीं कक्षा तक अपग्रेड होने पर स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों द्वारा मेयर सुमन बहमनी के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार, वार्ड पार्षद तिलक राज, विशाल पांसरा, पूर्व सरपंच बरखा राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने स्कूल के अपग्रेड होने पर खुशी जाहिर करते हुए मेयर का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव आईएएस योगेश कुमार मुख्य रूप से पहुंचे। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अपने विभाग के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) फंड से डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अपग्रेड होने पर स्कूल में इन्फ्रास्ट्रक्चर, कमरे व अन्य सामान की भी आवश्यकता होती है। इसलिए वे स्कूल में इनकी भी सुविधाएं कराएंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने कहा कि स्कूल को सीनियर सेकेंडरी स्तर तक अपग्रेड कराने में मेयर सुमन बहमनी की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि मेयर ने शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और संबंधित उच्च अधिकारियों से लगातार बातचीत कर इस मांग को पूरा कराने में सहयोग दिया। लंबे समय से क्षेत्रवासी स्कूल को अपग्रेड किए जाने की मांग कर रहे थे, जिसके पूरा होने से अब गांव और आसपास के विद्यार्थियों को 12वीं तक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
आईएएस योगेश कुमार ने कहा कि स्कूल के अपग्रेड होने से विशेष रूप से बेटियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे गांवों या शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे शिक्षा का स्तर भी मजबूत होगा और अधिक बच्चे पढ़ाई के लिए प्रेरित होंगे।
मेयर सुमन बहमनी ने कार्यक्रम में ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इस कार्य का श्रेय स्कूल प्रधानाचार्य, स्टाफ और ग्रामीणों की लगातार कोशिशों को दिया। मेयर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बेहतर अवसर मिल सकें।




