पंचकूला:- पुलिस ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उससे लगभग 6 करोड़ कीमत की हेरोइन बरामद की है। इसके साथ ही पुलिस ने 15 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। आरोपी को कुंडी गांव के पास से गिरफ्तार किया गया। वह पाकिस्तान बार्डर से यह ड्रग्स लेकर आया था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन का रिमांड लिया गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान  बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 5 अप्रैल को सेक्टर-20, कुंडी गांव के पास से 23 वर्षीय लवजोत सिंह, निवासी जलालाबाद (फाजिल्का, पंजाब) को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में चंडीगढ़ में किराए के मकान में रहकर ट्राइसिटी में नशे का जाल फैला रहा था। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 3 किलो 89 ग्राम हेरोइन और 15 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत 6 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी लवजोत सिंह एक बीसीए ग्रेजुएट है और वह यह खेप सीधे पाकिस्तान बॉर्डर से लेकर आया था। उसका इरादा महज एक सप्ताह के भीतर पूरी ट्राइसिटी (पंचकूला, चंडीगढ़, मोहाली) में इस नशीले पदार्थ को खपाने का था। आरोपी के खिलाफ सेक्टर-20 थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे 6 अप्रैल को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस ने उसका 4 दिन का रिमांड हासिल किया है। पूछताछ में लवजोत ने स्वीकार किया कि उसने चंडीगढ़ को अपना ठिकाना बनाया हुआ था।

उन्होंने बताया कि इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां 3 अप्रैल को हुई एक अन्य गिरफ्तारी से जुड़ी हैं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 ने पहले गुप्त सूचना के आधार पर रायपुररानी के टाबर गांव से साहिल (डेराबस्सी) को 310 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। साहिल ने खुलासा किया कि वह यह माल अपने बुआ के लड़के सतनाम सिंह से लाता था। पुलिस ने जाल बिछाकर 5 अप्रैल को सतनाम सिंह को दबोचा, जिसने पूछताछ में बताया कि उसका मुख्य सप्लायर लवजोत सिंह है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने  दावा किया कि हरियाणा में इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की यह दूसरी बड़ी बरामदगी है और पंचकूला जिला पुलिस के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी है।

पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज का कहना है कि 6 करोड़ की हेरोइन की यह बरामदगी केवल एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि सीमा पार से चल रहे एक बड़े सप्लाई चेन पर हमारा कड़ा प्रहार है। हमारे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!