कालका(पंचकूला): कालका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली प्रेमपुरा चेक पोस्ट पर ड्यूटी कर रहे वन विभाग के कर्मचारियों पर एक अज्ञात वाहन चालक द्वारा गाड़ी चढ़ाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। वन राजिक अधिकारी (कालका) ने इस संबंध में थाना प्रबंधक पिंजौर को लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 26 मार्च 2026 की रात करीब 01:30 बजे की है। प्रेमपुरा चेक पोस्ट पर वन दरोगा सुरजीत सिंह और वन रक्षक ज्ञान देव अपनी टीम के साथ तैनात थे। इसी दौरान प्रेमपुरा गांव की ओर से आ रही एक काले रंग की मारुति सुजुकी जिम्नी (Maruti Suzuki Jimny) को जब चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे सीधे कर्मचारियों की ओर मोड़ दिया।
वहां मौजूद कर्मचारियों ने फुर्ती दिखाते हुए सड़क के किनारे छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक गाड़ी को तेज रफ्तार में भगा ले गया।
CCTV में कैद हुई गाड़ी
वन विभाग के कर्मचारियों ने जब छानबीन की, तो पास के गांव खेड़ा में सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों और गुरुद्वारे के फुटेज में वह संदिग्ध गाड़ी दिखाई दी। हालांकि, वन विभाग का आरोप है कि जब इसकी सूचना पुलिस को दी गई, तो पुलिस अधिकारियों ने यह कहकर टाल दिया कि फुटेज में गाड़ी का नंबर साफ नहीं दिख रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 27 मार्च की रात पुलिस टीम मौके पर निरीक्षण के लिए आई थी, लेकिन बिना कोई संतोषजनक उत्तर दिए वहां से चली गई।
FIR दर्ज करने की मांग
वन राजिक अधिकारी ने पुलिस को पत्र लिखकर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ जान से मारने के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।





