कैथल। हरियाणा फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की टीम ने जिले में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई FDA हरियाणा के आयुक्त मनोज कुमार (IAS) तथा स्टेट ड्रग कंट्रोलर हरियाणा ललित गोयल के निर्देशानुसार की गई। छापेमारी अभियान की निगरानी वरिष्ठ औषधि नियंत्रण अधिकारी, कुरुक्षेत्र जोन द्वारा की गई।
टीम में अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल, पंचकूला और झज्जर जिलों के 6 ड्रग कंट्रोल अधिकारियों (DCOs) को शामिल किया गया।
अभियान के दौरान 47 मेडिकल स्टोरों की जांच/निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान एक दुकान से जोलपिडेम की 15 गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा कुछ दुकानों में रिकॉर्ड अधूरा पाए जाने और आरपी की अनुपस्थिति जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं।
इन अनियमितताओं के संबंध में ड्रग्स एक्ट एवं नियमों के तहत लाइसेंसिंग अथॉरिटी, कुरुक्षेत्र जोन द्वारा संबंधित ड्रग कंट्रोल अधिकारियों की निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर भविष्य में भी इस प्रकार की छापेमारी जारी रहेगी।




