बेलगढ, यमुनानगर। बेलगढ़ एरिया में खनन माफिया किस कदर बेकाबू हो चुका है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां का खनन माफिया बार्डर क्रास कर अवैध खनन कर रहा है। बेहट तहसील एरिया में असलमपुर बरथा के पास यूपी क्षेत्र में 14392 घन मीटर अवैध खनन किया गया। बताया जाता है यह सारी खनन सामग्री हरियाणा के बेलगढ़ एरिया में क्रशिंग व स्क्रीनिंग प्लांटस पर लाई गई। खनन विभाग की शिकायत पर यूपी पुलिस ने अज्ञात क्रशर मालिकों पर मामला दर्ज किया है। वहीं इस मामले में बेलगढ़ के छह से सात स्टोन क्रशर्स को नोटिस थमा कर उनसे तीन से चार दिन की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने को कहा है।
बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों में यमुना नदी में यूपी सीमा क्षेत्र में खनन करने की कोई वीडियो वायरल हुई तो तो मौके पर खनन विभाग सहारनपुर ने पैमाइश शुरु की। जिसके बाद मौके पर तीन गहरे गडढे पाए गए, जिसमें अवैध खनन किया गया था। यहां पर कुल 14392.28 घनमीटर अवैध खनन पाया गया। यहां पर वाहनों के टायरों के निशान हरियाणा की ओर जाते पाए गए। इस संबंध में खनन विभाग की शिकायत पर बेहट थाना में मामला दर्ज किया गया है।
वहीं इस संबंध में यूपी पुलिस ने जांच करते हुए बेलगढ़ एरिया के कई क्रशिंग यूनिटस व स्क्रीनिंग प्लांटस को नोटिस जारी किए है जिसमें इन क्रशिंग यूनिटस पर लगे सीसीटीवी की फुटेज मांगी गई है। जिसे तुरंत उपलब्ध कराने को कहा गया है। इससे पहले भी कई बार इस बेलगढ़ एरिया के खनन माफिया पर यमुना में यूपी की ओर अवैध खनन करने के आरोप लगे है। पिछले दिनों बेलगढ़ में मांडेवाला जंगल के समीप अवैध खनन का मामला उठा था वहां पर काफी जमीन जो यूपी की लगती थी वहां पर अवैध खनन किया गया था।
इसके साथ ही खनन जोन से जुड़े सूत्र बताते है कि इनमें भी कई क्रशिंग यूनिटस ऐसी है, जिन पर पोल्यूशन बोर्ड ने सील लगाई हुई है। मगर उसके बावजूद ई-रवाना आदि काट कर काम चलाया जा रहा है। यह भी एक बड़ी जांच का विषय हो सकता है।



