ताजेवाला, यमुनानगर | ताजेवाला क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों और पंचायत द्वारा लगाए गए बैरिकेड तोड़े जाने के मामलों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। एसडीएम छछरौली के नेतृत्व में खनन, पंचायत और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने न केवल खनन प्रभावित स्थलों का जायजा लिया, बल्कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रिकॉर्ड जुटाने और कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। वहीं पंचायत के एतराज के बाद प्रस्तावित स्टोन क्रशर यूनिट पर भी प्रशासन ने अनुमति प्रक्रिया रोकने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख कार्रवाई
👉 एसडीएम, खनन स्टाफ, बीडीपीओ व रेवेन्यू टीम ने संयुक्त दौरा किया
👉 पंचायत द्वारा लगाए गए बैरिकेड तोड़े जाने वाले रास्ते का मौके पर मुआयना
👉 अवैध खनन वाली सभी साइट्स की पहचान कर जांच
👉 पटवारियों से संबंधित जमीनों का पूरा रिकॉर्ड और रिपोर्ट मांगी गई
👉 आगामी कानूनी कार्रवाई की तैयारी
स्टोन क्रशर पर प्रशासन की सख्ती
👉 ताजेवाला में निजी भूमि पर प्रस्तावित स्टोन क्रशर को लेकर ग्रामीणों और पंचायत ने जताया विरोध
👉 आशंका — क्रशर लगने से क्षेत्र में अवैध खनन और बढ़ सकता है
👉 पंचायत ने बीडीपीओ कार्यालय को लिखित आपत्ति सौंपी
👉 बीडीपीओ ने जिला खनन अधिकारी व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को अनुमति न देने के लिए पत्र भेजा
अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा : बीडीपीओ
बीडीपीओ अभिषेक आनंद ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। नियमों के विरुद्ध किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



