हिसार। हिसार में अवैध दवाओं की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) हरियाणा, HSNCB और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान आयुक्त FDA हरियाणा मनोज कुमार (IAS) और स्टेट ड्रग कंट्रोलर हरियाण ललित गोयल के निर्देश पर, तथा एसपी हिसार से प्राप्त गुप्त सूचनाओं के आधार पर चलाया गया।
छापेमारी टीम में हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जिलों के 3 ड्रग कंट्रोल अधिकारियों को शामिल किया गया, जिनकी निगरानी SDCO सिरसा जोन द्वारा की गई। टीम ने जिले के 7 मेडिकल स्टोरों की जांच/निरीक्षण किया। इस दौरान टैपेंटाडोल (Tapentadol) और प्रेगाबालिन (Pregabalin) दवाओं की बरामदगी सामने आई। जांच के दौरान मंडी आदमपुर स्थित महा लक्ष्मी मेडिकल एजेंसी में इन दवाओं की पुष्टि होने पर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर (सिरसा-II) ने मौके पर ही प्रतिष्ठान को सील कर दिया।
इसके अलावा कई मेडिकल स्टोरों में रिकॉर्ड अधूरे पाए गए, रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट (RP) की अनुपस्थिति जैसी अनियमितताएं भी मिलीं। इन मामलों में ड्रग्स एक्ट एवं नियमों के तहत लाइसेंसिंग अथॉरिटी, हिसार जोन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्थानीय प्रशासन से मिल रही सूचनाओं के आधार पर भविष्य में भी ऐसे छापे जारी रहेंगे, ताकि अवैध और नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।



