यूपी की ओर से लाया गया 8 डंपर अवैध खनिज पंचायती जमीन पर कर दिया गया डंप, पंचायत ने भेजा प्रस्ताव
यमुनानगर। ब्लॉक प्रतापनगर की ग्राम पंचायत भीलपुरा-76 की पंचायती जमीन में अवैध रूप से डाली गई खनिज सामग्री के मामले में प्रशासन हरकत में आया है। पंचायती जमीन पर गिराए गए अवैध खनिज को जब्त कराने के लिए बीडीपीओ प्रतापनगर ने जिला खनन अधिकारी को पत्र लिखा है।
भीलपुरा पंचायत द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर बीडीपीओ प्रतापनगर ने मामले का संज्ञान लिया और स्वयं मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंचायती जमीन पर अवैध खनिज सामग्री पाई गई, जिसके बाद खनन विभाग को विधिवत कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया गया।
बीडीपीओ प्रतापनगर द्वारा जिला खनन अधिकारी को भेजे गए पत्र क्रमांक 813 दिनांक 20 जनवरी 2026 में बताया गया है कि पंचायत की ओर से सूचना दी गई थी कि रात के समय खनन माफिया द्वारा यूपी की ओर से लाए गए करीब 8 डंपर खनिज सामग्री को पंचायती जमीन में अवैध रूप से गिरा दिया गया। इसकी सूचना खनन विभाग व एनफोर्समेंट टीम को भी दी गई थी।
पंचायत का प्रस्ताव मिलते ही बीडीपीओ अभिषेक आनंद व एसईपीओ विकास कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि अवैध खनन करने वाले लोग अक्सर पकड़े जाने के डर से खनिज सामग्री को कहीं भी खाली जमीन या पंचायती भूमि पर गिरा देते हैं और मौका मिलते ही दोबारा उसे उठाकर ले जाते हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि पंचायती जमीन में डाली गई इस खनिज सामग्री को तुरंत कब्जे में लेकर जांच व सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लग सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीपीओ प्रतापनगर ने पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त (डीसी), एसडीएम छछरौली और डीडीपीओ को भी भेज दी है।





