• फारेस्ट स्टाफ को सूचना मिली तो वाइल्ड लाइफ स्टाफ व पुलिस को साथ लेकर ट्रक को कालाअंब के पास किया गया काबू
  • पंजाब में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था लकड़ी को, आरोपी फरार, पुलिस को शिकायत दी

 

यमुनानगर/बिलासपुर। वन एवं वन्य प्राणी विभाग ने पुलिस के सहयोग से अवैध खैर लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को जब्त किया है। गाड़ी से लगभग 100 किवंटल के करीब खैर की लकड़ी बरामद हुई है। जिसकी बाजार कीमत 10 लाख से अधिक बताई जा रही है। ट्रक में से कुल 460 नग खैर की लकड़ी के बरामद हुए हैं। लकड़ी को पंजाब बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। मगर विभाग की सर्तकता से तस्करों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। लकड़ी को वन मंडल यमुनानगर के  रिर्जव, प्रोटेक्टड व वाइल्ड लाइफ सेंचुरी एरिया के कई जंगलों से काटा गया था।

वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक नंबर HR58B-8773 में अवैध खैर लकड़ी गांव जाटांवाला से लोड कर बिलासपुर से होते हुए पंजाब की बेचने के लिए ले जाई जाएगी। वन रक्षक योगेश कुमार ने इसकी सूचना गार्ड संदीप सिंह व बिलासपुर पुलिस को दी। इस दौरान ट्रक का पीछा शुरु किया गया। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार में सवार 4–5 व्यक्ति ट्रक को एस्कॉर्ट करते हुए पाए गए।
पीछा करने दौरान ट्रक चालक और कार सवार वन विभाग व पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर ट्रक को कालाअंब रोड स्थित एक निजी कॉलेज के पास पुलिस नाके पर सुबह करीब 5:40 बजे काबू कर लिया गया। हालांकि, स्विफ्ट कार में सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके साथ ही ट्रक चालक व एक अन्य भी ट्रक को मौके पर छोड़ कर भाग निकले।

460 खैर लकड़ी के पीस बरामद

ट्रक को बिलासपुर अनाज मंडी लाकर जांच की गई, जहां ट्रक से 460 नग खैर लकड़ी के टुकड़े बरामद हुए। इसके अतिरिक्त ट्रक में लगभग 5 क्विंटल खैर लकड़ी का बालन भी पाया गया। मौके पर लकड़ी की पैमाइश कर जब्ती सूची तैयार की गई।

इस मामले में दो आरोपियों की पहचान की गई है जिसमें नूर मोहम्मद गांव जाटांवाला, रकीब  निवासी जाटांवाला, तहसील छछरौली के अलावा 4–5 अन्य अज्ञात आरोपियों की शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।

इन वनों से काटे गए पेड़

खैर तस्करों ने आरक्षित वन क्षेत्र ताहरपुर, सुरक्षित वन क्षेत्र गोहराबनी, खोल फतेहगढ़, जाटांवाला वन क्षेत्र, कलेसर रेंज, सालेहपुर सुरक्षित वन क्षेत्र साढौरा तथा वन्य प्राणी विहार कलेसर के मेहरनीवाला, डारपुर, टिब्ब्डियां, चिक्कन, खिल्लांवाला जंगल शामिल है।

छछरौली रेंज अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि विभाग लगातार खैर तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इस मामले में आगामी जांच की जाएगी। इस दौरान विभाग की ओर से ब्लाक इंचार्ज मान सिंह, अंकित आदि मौजूद रहे।

 

 

 

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!