पंचकूला । पंचकूला पुलिस की पिंजौर थाना टीम ने 14 जनवरी को गश्त के दौरानअवैध खनन में लिप्त एक टिप्पर और एक जेसीबी मशीन को काबू किया है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि 14 जनवरी की दोपहर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि पिंजौर क्षेत्र के गिरिड़ा गांव के पीछे बरसाती नदी से अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पंचकूला पुलिस द्वारा गठित एंटी इलीगल माइनिंग टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखते ही माइनिंग माफिया अवैध खनन सामग्री के साथ मौके से फरार होने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर टिप्पर और जेसीबी को काबू कर लिया। मौके पर पिंजौर थाना प्रभारी भी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। दोनों वाहनों को थाना पिंजौर में खड़ा कर माइनिंग विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद माइनिंग विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को इंपाउंड कर लिया।





