यमुनानगर। उपायुक्त प्रीति ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ यमुना नदी के किनारे गांव टापू कमालपुर, पोबारी, घोड़ो पीपली, जौधपुर, लापरा का दौरा किया। उपायुक्त ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होने वाली हरियाणा राज्य सूखा एवं बाढ़ राहत कन्ट्रोल बोर्ड की 57वीं बैठक में प्रस्तावित बाढ़ बचाव कार्यों का मौका निरीक्षण किया व गांव टापू कमालपुर, उन्हेड़ी, लापरा, पोबारी व नकुम आदि के ग्रामवासियों से बातचीत की और ग्रामवासियों को आश्वासन दिया कि 57वीं बैठक में स्वीकृत होने के उपरांत सभी बाढ़ बचाव कार्य जल्द से जल्द मानसून सीजन से पहले पूर्ण करवा दिए जाएंगे।

उपायुक्त ने उत्तर प्रदेश की सीमा से लगते गांव घोड़ों पिपली, पोबारी में पंहुचकर लोगों की समस्याएं सुनी, जिसमें ग्रामवासियों ने बताया कि बरसात के मौसम में यमुना नदी विकराल रूप धारण करती है और हम किसानों की खेतों की जमीन यमुना नदी में समा जाती है। इस बार भी यमुना नदी में अधिक मात्रा में पानी आने की संभावना है। ग्रामीणों ने उपायुक्त को यमुना नदी के किनारों को मजबूत करने के बारे में अनुरोध किया। डीसी ने कहा कि यमुना नदी में कटाव हुआ है। उन्होंने यमुना नदी से हुए कटाव के संबंध में तटबंधों को मजबूत करने और आवश्यकता के अनुसार स्टड लगाए जाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ, अंडर ट्रेनिंग आईएएस सुमन यादव, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता विनोद कुमार, जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, नायब तहसीलदार रादौर अनिल कुमार, बीडीपीओ जगाधरी दीपांशु जिंदल, सिंचाई विभाग के उपमण्डल अधिकारी जसविंदर सिंह व संबंधित कनिष्ठ अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




