नाहन, हिमाचल प्रदेश। उद्योग, श्रम एवं रोजगार तथा संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने छः दिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले की सांस्कृतिक संध्याओं का रेनू मंच पर दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देव भूमि है और यहां के निवासियों में देवी-देवताओं के प्रति प्रगाढ़ आस्था है। हिमाचल के लोग अपनी समृद्ध संस्कृति के प्रति बेहद आदर और लगाव रखते हैं।यहां प्रत्येक संस्कार और आयोजन भगवान एवं देवी देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना से ही प्रारम्भ होते हैं। यह हमारी आस्था और संस्कृति के प्रति सम्मान के परिचायक भी बनते हैं। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला इन्ही भव्य आयोजनों में एक है। उन्होंने कहा कि देवघाट पर रेणुका माता की आरती एक अच्छी शुरुआत है।उन्होंने कहा कि भगवान श्री परशुराम और माता श्री रेणुका जी के मिलन का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी उत्सव धार्मिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है और हमारी आस्था को बल प्रदान करता है। उद्योग मंत्री ने सन्यास आश्रम रेणुका जी के लिए 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उद्योग मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला के उपलक्ष्य पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया। उपायुक्त सिरमौर एवं उपाध्यक्ष रेणुका जी विकास बोर्ड प्रियंका वर्मा ने मुख्य अतिथि तथा उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
विधानसभा उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष रेणुका जी विकास बोर्ड विनय कुमार ने मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान को लोहिया, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक पांवटा साहिब सुखराम चौधरी, विधायक नाहन अजय सोलंकी, पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




