नारायणगढ़, अंबाला।  हमीदपुर आरएफ (RF) क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई करने पहुंचे तस्करों और वन विभाग की टीम के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। घटना के दौरान तस्करों ने वन कर्मी पर कुल्हाड़ी और दरांती से जानलेवा हमला करने का प्रयास किया, जिस पर आत्मरक्षा में सरकारी बंदूक से हवाई फायर किए गए, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे, मौके से जांच के दौरान दस पेड़ कटे पाए गए।  पुलिस ने वन विभाग की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, बताया जाता है इस मामले को सीआईए को रेफर कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 की शाम लगभग 5:45 बजे हमीदपुर आरएफ क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना मिली कि जंगल से कुछ अज्ञात लोग खैर के पेड़ काट रहे हैं। इसके बाद इंचार्ज हमीदपुर बीट (छूट प्राप्त वन दरोगा) नितिन कुमार और रखवाला नितेश कुमार मोटरसाइकिल से खैर कटाई वाले स्थान की ओर रवाना हुए।

जैसे ही दोनों मौके पर पहुंचे, वहां मौजूद तीन व्यक्तियों ने उन पर कुल्हाड़ी और दरांती से जानलेवा हमला कर दिया। स्थिति को भांपते हुए नितिन कुमार ने अपनी आत्मरक्षा के लिए सरकारी बंदूक से हवाई फायर किए, जिनमें से 4 फायर चले और 3 मिस हो गए।

अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए आरोपी

हवाई फायरिंग के बाद तीनों हमलावर और वहां खैर के पेड़ काट रहे अन्य 8 से 10 लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल से सटे खेतों की तरफ भाग निकले। घटना की सूचना तुरंत वन दरोगा सुभाष चंद्र (इंचार्ज नारायणगढ़ ब्लॉक) और वन राजिक अधिकारी, नारायणगढ़ को दूरभाष पर दी गई।

 10 पेड़ कटे मिले, लकड़ी बरामद

तफ्तीश के दौरान घटनास्थल से खैर प्रजाति के कुल 10 पेड़ कटे हुए पाए गए, जिनकी लकड़ी वन विभाग द्वारा बरामद कर ली गई है। आसपास के गांवों में पूछताछ के बावजूद हमलावरों और तस्करों का कोई सुराग नहीं लग सका।

 विभागीय कार्रवाई और मामला दर्ज

विभागीय नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अपराध रिपोर्ट संख्या 056/0075 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज की गई है। वन विभाग ने इसकी शिकायत पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं इस मामले को सीआईए को आगामी जांच के लिए सौंप दिया गया है।

 

 

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!