प्रशासन के पुख्ता इंतजाम: पेयजल व सरोवरों के पानी के साथ-साथ खाद्य पदार्थों की भी हो रही है लगातार सैंपलिंग

एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती

बिलासपुर/यमुनानगर : उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं धार्मिक तीर्थ स्थल कपालमोचन मेले में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मेले की रौनक चरम पर है और दूर-दराज के राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, मेले में अब तक करीब दो लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए जिला एवं मेला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है।

हर सुविधा का रखा जा रहा विशेष ध्यान: एसडीएम मेला प्रशासक एवं एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मेले में आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मेले में सुरक्षा से लेकर श्रद्धालुओं के ठहरने, स्वच्छता, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से ध्यान रखा जा रहा है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तत्परता से ड्यूटी निभाएं ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।

पेयजल, सरोवरों के जल और खाद्य पदार्थों की सख्त जांच श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता न हो, इसके लिए स्वास्थ्य और खाद्य आपूर्ति विभाग की टीमें लगातार मैदान में सक्रिय हैं। प्रशासन द्वारा मेले में उपलब्ध कराए जा रहे पीने के पानी के साथ-साथ पवित्र सरोवरों (कपालमोचन, ऋणमोचन और सूर्यकुंड) के पानी की शुद्धता जांचने के लिए लगातार सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, मेले में लगी अस्थायी दुकानों और भंडारों में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की भी नियमित रूप से सैंपलिंग की जा रही है, ताकि मिलावटी या बासी खाद्य सामग्री की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

चाक-चौबंद सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने और मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर सुगम बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का कड़ा घेरा तैयार किया है। मेला परिसर से लेकर मुख्य मार्गों और पार्किंग स्थलों तक पुलिस व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष रूट प्लान लागू किया गया है और जगह-जगह पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी तरह की दिक्कत या जाम की स्थिति का सामना न करना पड़े।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!