फरीदाबाद, पंचकूला। फरीदाबाद के अलीपुर रिर्जव फारेस्ट एरिया में हजारों पेड़ों के अवैध कटान के मामले में वन विभाग की ताजा कार्रवाई में फारेस्ट रेंजर के अलावा ब्लाक इंचार्ज व बीट इंचार्ज को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। मामले में लगातार नए नए खुलासे हो रहे हैं। इससे पूर्व फरीदाबार के डीएफओ को भी सस्पेंड कर दिया गया है, वन विभाग हरियाणा के अंतर्गत पिछले कुछ दशक में किसी रिर्जव फारेस्ट से अवैध कटान का यह सबसे बड़ा मामला बताया जा रहा है वह भी दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में, विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों की मिलीभगत से। इस मामले में फरीदाबाद के रेंज अधिकारी की शिकायत पर एक एफआईआर भी दर्ज की गई, मगर इस शिकायत में विभाग ने किसी अधिकारी, कर्मचारी या ठेकेदार का नाम नहीं दिया।
वन विभाग हरियाणा की फरीदाबाद डिविजन के अलीपुर क्षेत्र में कैंपा स्कीम के माध्यम से रिज बनाने की योजना बनाई गई थी, मगर इस रिज की आड़ में जंगल के हजारों पेड़ों को काट कर बाहर बेच दिया गया। इस पूरे मामले की पोल तो सीसीएफ प्रोटेक्शन की प्राथमिक जांच रिपोर्ट ने खोल कर रख दी है। 16 नवंबर को पीसीसीएफ को सौंपी इस रिपोर्ट के हर बिंदू में नए खुलासे हुए हैं। वर्तमान में दो हजार से अधिक पेड़ों के कटान की बात सामने आई है।
रिपोर्ट बताती है कि इस वर्ष कैंपा एपीओ (CAMPA APO) के अंतर्गत क्षतिपूरक वनीकरण (CA plantation) – रिज (Ridge) कार्य प्रस्तावित और स्वीकृत किया गया है। जिसको लेकर बाहर से जो पौधे खरीदे गए वह बेहद ही घटिया क्वालिटी के थे ओर बिना सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के खरीदे गए। रिज बनाने के लिए झाड़ियों आदि की साफ-सफाई की जानी थी, मगर उसकी आड़ में बड़े पेड़ों का कटान शु़रु कर दिया गया। आरक्षित वन (RF) में वर्किंग प्लान (Working Plan) के प्रावधानों और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बिना पेड़ों की कटाई नहीं की जा सकती। लकड़ी को नूंह, भरतपुर व पानीपत पहुंचाया गया।जिला नूंह के पुन्हाना स्थित एक स्थान से लगभग 19 ट्रक लदी लकड़ी बरामद की गई है और उसे वापस फरीदाबाद मंडल में लाया गया है। दिनांक 15.11.2026 तक बरामद लकड़ी की मात्रा 2724 क्विंटल है।
कटान पर रोक के हाईकोर्ट के आदेशों की विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने की उल्लंघना
रिपोर्ट में बताया गया कि बरामद गई मात्रा बहुत कम प्रतीत होती है, क्योंकि कटाई सितंबर से चल रही थी, लेकिन रिज बनाने के लिए नए ठेकेदार की नियुक्ति के बाद 01 नवंबर 2026 के बाद बड़ी संख्या में पेड़ काटे गए हैं। स्थल निरीक्षण के दौरान वन चौकीदार (Forest Watcher) और ग्रामीणों से भी बातचीत की गई तथा यह पाया गया कि यह कटाई फील्ड स्टाफ की मिलीभगत से की गई है और यहां तक कि बड़े पेड़ों की कटाई तथा विभिन्न स्थानों पर लकड़ी ले जाने की जानकारी डीएफओ को भी थी। प्रदेश में किसी भी प्रकार के पेड़ों के कटान पर हाईकोर्ट की रोक लगी हुई है उसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों को कट जाने दिया गया।
पहले निलंबन अब बर्खास्तगी
मामले को लगातार बढ़ता देखकर विभाग ने फारेस्ट रेंजर अफजल खान, ब्लाक इंचार्ज संदीप कुमार व अंकित कुमार बीट इंचार्ज को पहले सस्पेंड किया गया, मगर शुक्रवार को उनको नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। इससे पूर्व डीएफओ झाल्कर उयके को 18 नवंबर को सस्पेंड कर दिया गया।
एफआईआर दर्ज, मगर शिकायत में नाम लिखने में परहेज
इस मामले में 18 नवंबर को एससीएस की ओर से पीसीसीएफ को एक पत्र जारी कर एफआईआर दर्ज कराने निर्देश दिए गए। इस मामले में रेंज अधिकारी फरीदाबाद द्वारा पुलिस स्टेशन भूपानी को जो शिकायत दी गई उसमें कहा गया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव, हरियाणा सरकार, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग के पत्र दिनांक 18-11-2026 के संदर्भ में इस कार्यालय को अलीपुर आरक्षित वन, फरीदाबाद वन मंडल में पेड़ों की अवैध कटाई में लापरवाही व संलिप्तता को लेकर संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों तथा अवैध कटाई और कटी हुई लकड़ी की अवैध खरीद व परिवहन में शामिल ठेकेदारों एवं आरा मिल (Saw Mill) मालिकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। मगर शिकायत में किसी का नाम नहीं दिया गया। इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।




