व्यासपुर ( यमुनानगर): यमुनानगर डिविजन की सढौरा रेंज के अंतर्गत खिजराबाद-बिलासपुर रोड पर वन विभाग के 18 पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग की मुस्तैदी के चलते मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया गया, जबकि अन्य फरार है। वन विभाग ने थाना व्यासपुर को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
सुबह 6 बजे मिली गुप्त सूचना
घटना की जानकारी देते हुए मलिकपुर बांगर बीट की इंचार्ज लताशा (वन दरोगा) ने बताया कि दिनांक 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि खिजराबाद-बिलासपुर रोड पर मलिकपुर बांगर पुल के पास सफेदा के पेड़ कटे हुए पड़े हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी बिलासपुर ब्लॉक के इंचार्ज वन दरोगा मान सिंह को दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
18 पेड़ कटे और मुंडियां मिलीं
मौके पर जांच करने पर पाया गया कि वहां कुल 18 सफेदे के पेड़ गणना-शुदा (गिनती के साथ) कटे हुए थे। मौके पर पेड़ों की मुंडियां मौजूद थीं और कई पेड़ नंबर से ऊपर कटे हुए थे। इस मामले में तुरंत F.O.R. No. 045/0242 दिनांक 14.11.2026 काट दी गई। इसके बाद वन दरोगा ने मामले की सूचना सढौरा के वन राजिक अधिकारी को दी।
चनेटी रोड पर धरे गए आरोपी और दो गाड़ियां बरामद
काटी गई लकड़ी की आसपास छानबीन करने के लिए रणजीतपुर ब्लॉक के इंचार्ज वन दरोगा संदीप सैनी और बीट इंचार्ज लताशा ने जांच शुरू की। छानबीन के दौरान जब टीम चनेटी रोड पर गुप्ता टिंबर के पास पहुँची, तो वहां दो गाड़ियां सफेदा की लकड़ी से लदी हुई खड़ी दिखाई दीं:
-
गाड़ी संख्या 1: अशोक लेलैंड (सफेद रंग),
-
गाड़ी संख्या 2: महिंद्रा पिकअप (सफेद रंग)
जैसे ही वन विभाग की टीम गाड़ियों की तरफ बढ़ी, गाड़ी चालक मौके से भागने लगे, जिन्हें टीम ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया। इस दौरान सढौरा ब्लॉक के इंचार्ज वन दरोगा परवेज अहमद और रसूलपुर ब्लॉक के इंचार्ज वन दरोगा बलबीर सिंह भी सरकारी गाड़ी से मौके पर पहुंच गए।
लकड़ी का हुआ मिलान और दो आरोपी गिरफ्तार
पकड़ी गई गाड़ियों की जांच करने पर पुष्टि हुई कि उनमें लदी लकड़ी खिजराबाद-बिलासपुर रोड के कि.मी. 5 से 6 R/Side, मलिकपुर बांगर पुल के पास से ही काटी गई है। लकड़ियों के कुछ लॉग्स पर गणना नंबर (गिनती के निशान) भी लगे हुए पाए गए।
मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
-
विकास कुमार, निवासी गांव कोट बसावा सिंह
-
अक्षय अली , निवासी गांव याकुबपुर
पूछताछ में खुलासे: अन्य साथियों के नाम आए सामने
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उनके साथ इस लकड़ी को काटने में निम्नलिखित व्यक्ति भी शामिल थे:
-
अमजद , निवासी गांव जांटावाला
-
उसमान, निवासी गांव डारपुर
-
इनके अलावा 5 से 6 अज्ञात व्यक्ति भी पेड़ काटने में शामिल थे, जिन्हें वे नहीं जानते। ये सभी लोग अमजद के साथ आए थे। इसके अतिरिक्त, पकड़े गए आरोपियों के फोन पर सलीम, आशू और ललित रात्रि 2 बजे से लगातार संपर्क में बने हुए थे।
कानूनी उल्लंघन और उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना
वन विभाग के अनुसार, यह क्षेत्र हरियाणा सरकार की अधिसूचना संख्या S.O 65/C.A 16/27/S 29/79 दिनांक 11-06-1971 के तहत सुरक्षित वन (Protected Forest) घोषित है। यहां पेड़ काटना भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 32 और 33 का सीधा उल्लंघन है।
साथ ही, माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में दायर केस (CM-156 CWPIL-2026 in/and CWP-PIL-70-2026 – सुनील कुमार शर्मा व अन्य बनाम यूनियन ऑफ इंडिया) के तहत हरियाणा राज्य में पेड़ काटना पूर्णतः प्रतिबंधित है।





