ANC टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लाल कुर्ती चौकी क्षेत्र में की दबिश।

थाना पड़ाव में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी

अंबाला।

एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) टीम ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। ANC टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंबाला के लाल कुर्ती चौकी क्षेत्र स्थित एक होटल में छिपे बैठे पंजाब के दो  नशा तस्करों को दबोचने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरकीरत सिंह और गुलजीत सिंह, निवासी तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है।

छापेमारी और बरामदगी का विवरण

ANC टीम को अपने मजबूत सूचना तंत्र के माध्यम से पुख्ता जानकारी मिली थी कि पंजाब के कुछ तस्कर अंबाला में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी करने के लिए आए हुए हैं और लाल कुर्ती चौकी क्षेत्र के एक होटल में छिपे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप निरीक्षक नरेश कुमार (इंचार्ज ANC टीम) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सहायक उप निरीक्षक रणबीर सिंह, सहायक उप निरीक्षक दर्शन भारती और सहायक उप निरीक्षक अमरजीत सिंह शामिल रहे। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल में दबिश दी और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 113 ग्राम हेरोइन,
01 इलेक्ट्रॉनिक काँटा,
03 मोबाइल फोन तथा
5,000 रुपये नकद राशि बरामद की गई है।

कानूनी कार्रवाई और आगामी जांच,

पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पड़ाव में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त कर लिया गया है। जांच अधिकारी का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इस नशे के गठजोड़ से जुड़े अन्य तस्करों की भी पहचान की जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। अंबाला पुलिस का यह अभियान नशे की कमर तोड़ने तक लगातार जारी रहेगा।

Sharing

Leave a Reply

error: Content is protected !!